फगवाड़ा से गोराया की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक युवकों की पहचान गोराया के नजदीकी गांव मुठड्डा कलां के निवासी के रूप में बताई जा रही है।
कार के परखच्चे उड़े
जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलटती हुई दूसरी लेन में जा गिरी और वहां आ रही टाटा 407 से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए, वहीं टाटा 407 भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल फगवाड़ा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
जांच में जुटी पुलिस
घायल चालक को इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार और ओवरस्पीडिंग के कारण कार चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार पलटकर दूसरी सड़क पर चली गई और टाटा 407 से टकरा गई। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।