ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में कलाकारों पर हमलों और धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामले में मशहूर सूफी गायिका ज्योति नूरां के जालंधर स्थित नए घर को निशाना बनाया गया है। मंगलवार को मकसूदां इलाके में स्थित उनके घर के बाहर अज्ञात हमलावर ने फायरिंग की, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
रात 9:20 बजे गोलियों की गूंज
जानकारी के मुताबिक घटना मंगलवार रात करीब 9:20 बजे की है। ज्योति नूरां हाल ही में मकसूदां के इस नए घर में शिफ्ट हुई थीं। गोलियों की आवाज सुनकर जब तक लोग बाहर आए, हमलावर फरार हो चुका था। इस घटना ने एक बार फिर सेलिब्रिटीज की सुरक्षा और पंजाब की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
CCTV में कैद हुआ हमलावर
पुलिस को घटना स्थल के पास से एक महत्वपूर्ण सीसीटीवी (CCTV) फुटेज हाथ लगी है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक आरोपी एक्टिवा पर सवार होकर आता है, घर के बाहर रुककर फायरिंग करता है और फिर तेजी से रफूचक्कर हो जाता है। पुलिस इस फुटेज के आधार पर आरोपी के रूट को ट्रेस कर रही है और उसकी पहचान में जुटी है।