जालंधर में पंजाब की मशहूर सूफी सिंगर ज्योति नूरां के घर के बाहर कथित फायरिंग मामले ने नया मोड़ ले लिया है। जहां एडीसीपी आकर्षि ने प्रेस वार्ता में कहा था कि गायक के घर के बाहर कोई फायरिंग नहीं हुई, वहीं दूसरी ओर ज्योति नूरां के पति उस्मान उर्फ अभि ने चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं।
मांग संपत नेहरा के नाम से की जा रही मांग
उस्मान ने बताया कि उनसे और ज्योति नूरां से 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी जा रही है। यह मांग संपत नेहरा के नाम से की जा रही है। अभि के मुताबिक, फिरौती न देने पर लगातार व्हाट्सएप कॉल के जरिए जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उनका दावा है कि दो दिन पहले घर के बाहर हुई फायरिंग भी इसी डराने-धमकाने की साजिश का हिस्सा हो सकती है।
संदिग्ध लोग रात को घर के बाहर चक्कर लगाते
उस्मान ने यह भी बताया कि इससे पहले कई बार संदिग्ध लोग रात के समय घर के बाहर चक्कर लगाते देखे गए हैं। इस संबंध में कमिश्नरेट पुलिस को शिकायत दी गई थी, लेकिन छह महीने से ज्यादा समय बीतने के बावजूद किसी आरोपी को ट्रेस नहीं किया जा सका। दो दिन पहले की घटना के बाद भी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच का भरोसा देकर लौट गई।
अभि के अनुसार, अब तक डराने की तीन से अधिक कोशिशें हो चुकी हैं, जबकि फायरिंग की घटना पहली बार सामने आई है। फिरौती मांगने वाले खुद को संपत नेहरा बताते हुए पैसे न देने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दे रहे हैं। कॉल करने वाले नंबर की जानकारी भी पुलिस को दी गई है, लेकिन अभी तक कॉलर का पता नहीं चल पाया है।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी संपत नेहरा
बताया जा रहा है कि जिस संपत नेहरा के नाम से फिरौती मांगी जा रही है, वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी और भरोसेमंद शार्पशूटर माना जाता है। वह गैंग के लिए फिरौती वसूली, धमकी और हत्या जैसे मामलों को संभालता रहा है। इससे पहले सलमान खान के घर फायरिंग मामले में भी उसका नाम सामने आ चुका है। साल 2018 में हरियाणा पुलिस ने खुलासा किया था कि उसने सलमान खान की हत्या की साजिश रची थी और मुंबई में उनके घर की रेकी भी की थी।
संपत नेहरा को जून 2018 में हरियाणा पुलिस की एसटीएफ ने हैदराबाद से गिरफ्तार किया था। तब से वह अलग-अलग जेलों में बंद है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि वह जेल के अंदर से भी अपने नेटवर्क के जरिए सक्रिय है।
इस बीच, ज्योति नूरां के पति ने यह भी दावा किया कि पुलिस ने दो दिन पहले घर के बाहर फायरिंग करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि फायरिंग किसके कहने पर और किस मकसद से की गई थी।



