ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब के सबसे मशहूर दूध ब्रांड के मिल्क पाउडर भारतीय सेना की जांच में फेल हो गए हैं। जिसके बाद सेना ने करीब 124 मीट्रिक टन को क्वालिटी पर खरा न उतरने के कारण वापस लौटा दिया है। इसे लेकर भारतीय सेना ने नोटिस भी जारी किया है।
सेना ने 7 दिन के अंदर सैंपल ले जाने को कहा
भारतीय सेना की तरफ से जारी नोटिस में कहा गया है कि 7 दिन के अंदर इन सैंपल को हमारे ऑफिस से ले जाएं। अगर तय समय सीमा के अंदर आप इन सैंपल को नहीं ले गए तो इनको अधिकारियों की कमेटी की तरफ से नष्ट कर दिया जाएगा। जिसके बाद कोई भी दावा स्वीकार नहीं किया जाएगा।

पंजाब के सेहतमंत्री का भी आया बयान
वहीं मामला सामने आने के बाद पंजाब सरकार ने इसके जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों को नोटिस जारी किया गया है। वहीं इस मामले पर पंजाब के सेहत मंत्री डॉ. बलबीर सिंह का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि 2 सैंपल फेल हुए हैं। वेरका अपने लेवल पर इसकी जांच कर रहे हैं। अगर जरूरत पड़ी तो फूड सप्लाई विभाग भी जांच करेगा।
पंजाब सरकार ने लिया एक्शन
पंजाब में वेरका ब्रांड के दूध पाउडर के सैंपल फेल होने के बाद सरकार ने 3 अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है। सरकार ने लुधियाना मिल्क प्लांट के जीएम दलजीत सिंह समेत 3 अधिकारियों को सस्पेंड किया है। यह आदेश शुक्रवार को मिल्कफेड के एमडी राहुल गुप्ता ने जारी किया।