ख़बरिस्तान नेटवर्क : बढ़ते तेल संकट के बीच सरकार ने देश में स्मार्ट लॉकडाउन का प्रस्ताव पेश किया है। इस प्रस्ताव के मुताबिक हर शनिवार और रविवार को पूरी तरह से लॉकडाउन रहेगा। यह 4 और 5 अप्रैल के बीच लागू हो सकता है। यह प्रस्ताव कहीं और नहीं बल्कि भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान में पेश किया गया है।
शादी और समाजिक कार्यक्रमों पर रोक
सरकार के प्रस्ताव के मुताबिक लॉकडाउन हर शनिवार रात 12:00 बजे से शुरू होकर रविवार रात 11:59 बजे तक जारी रहेगा। इस दौरान सभी दुकानें, बाजार, फैक्ट्रियां और निजी संस्थान बंद रहेंगे। सर्विस सेक्टर पर भी रोक रहेगी। साथ ही इन दिनों में शादियों और अन्य सामाजिक या व्यावसायिक आयोजनों पर पूरी तरह से रोक रहेगी।
अस्पताल और मेडिकल सेवाएं जारी रहेंगी
वहीं सरकार ने इस प्रस्ताव में जरूरी सेवाओं को जारी रखने का भी प्रस्ताव रखा है। प्रस्ताव के मुताबिक अस्पताल, दवा की दुकानें और आवश्यक सरकारी सेवाएं खुली रहेंगी। इसके अलावा एयरपोर्ट, बंदरगाह और रेलवे स्टेशन भी सामान्य रूप से काम करते रहेंगे, ताकि आवश्यक यात्रा और सप्लाई चेन प्रभावित न हो। सार्वजनिक बसों को सीमित छूट दी गई है।