पंजाब और चंडीगढ़ में एक बार फिर गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। करीब 11 दिन बाद रविवार से प्रदेश में हीटवेव का दौर लौट आया है, जो 11 जून तक जारी रहने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के चंडीगढ़ केंद्र ने इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बठिंडा राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं चंडीगढ़ में तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा जिलों में हीटवेव का असर अधिक रहेगा। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।
गर्मी बढ़ने के साथ बिजली की मांग में भी तेजी आई है। रविवार को बिजली की मांग करीब 12 हजार मेगावाट तक पहुंच गई। हालांकि पावरकॉम ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल बिजली आपूर्ति को लेकर कोई समस्या नहीं है।
कुछ इलाकों में होगी हल्की से मध्यम बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक 11 जून से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके प्रभाव से 11 से 13 जून के बीच पंजाब के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं।
कई जिलों में लू चलने की संभावना
9 और 10 जून को राज्य के कई जिलों में लू चलने की संभावना है, जबकि 11 जून को भी अधिकांश जिलों में हीटवेव का असर बना रहेगा। वहीं पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली के कुछ क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।