ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी कांग्रेस हाईकमान को बड़ा राजनीतिक झटका दे सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक चन्नी जल्द ही 2027 विधानसभा चुनाव के लिए बनाई गई कांग्रेस की कैंपेन कमेटी के चेयरमैन पद से इस्तीफा दे सकते हैं। दिल्ली में लगातार दो दिन चली हाईकमान की बैठकों के बाद पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर विवाद और गहरा गया है।
राजा वड़िंग के नेतृत्व पर चन्नी ने उठाए सवाल
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल की अध्यक्षता में हुई चर्चा के दौरान चरणजीत चन्नी ने एक बार फिर पंजाब कांग्रेस के मौजूदा अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के नेतृत्व पर सवाल खड़े किए। चन्नी ने पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल से कहा कि मौजूदा नेतृत्व में कांग्रेस 2027 का विधानसभा चुनाव नहीं जीत पाएगी। अगर राजा वड़िंग को पद पर बनाए रखा जाता है तो चुनावी हार या जीत की पूरी जिम्मेदारी हाईकमान की होगी।
वेणुगोपाल की टिप्पणी के बाद इस्तीफे की पेशकश
इस बैठक के दौरान माहौल उस समय और गरमा गया जब केसी वेणुगोपाल ने चन्नी और उनके समर्थक नेताओं से कहा कि पार्टी ने उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी हैं, इसके बावजूद वे संगठन के साथ मिलकर चलने को तैयार नहीं हैं। इस टिप्पणी के जवाब में चरणजीत चन्नी ने कहा कि अगर ऐसा ही है तो वह कैंपेन कमेटी के चेयरमैन पद से इस्तीफा देने के लिए तैयार हैं।
राजा वड़िंग ने भी जताई इस्तीफे की इच्छा
बैठक के दौरान शुरुआत में पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग शांत रहे, लेकिन जब उनके नेतृत्व पर लगातार सवाल उठे तो उन्होंने भी कहा कि अगर नेताओं को उनसे आपत्ति है तो वह पद छोड़ने को तैयार हैं। हालांकि, केसी वेणुगोपाल ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए स्पष्ट कर दिया कि राजा वड़िंग को कांग्रेस हाईकमान ने प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है और वही अपने पद पर बने रहेंगे।