ख़बरिस्तान नेटवर्क : गुरदासपुर में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान फायरिंग में 26 साल युवक की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान विजय मसीह के रूप में हुई है। गोली उसके सिर में लगी, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में सिविल अस्पताल गुरदासपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
झगड़ा देखने गया था विजय- मृतक के परिजन
मृतक के मामा बब्बा मसीह और मां मेवल ने बताया कि कुछ दिन पहले गांव में जाट और ईसाई समुदाय के कुछ युवकों के बीच विवाद हुआ था। उस समय पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया था। परिजनों का आरोप है कि उसी रंजिश के चलते वीरवार रात जाट समुदाय के कुछ युवकों ने बाहरी लोगों को साथ लेकर गांव में हमला किया और फायरिंग शुरू कर दी।
विजय मसीह का विवाद से कोई सीधा संबंध नहीं था। वह केवल झगड़ा देखने के लिए घर से बाहर निकला था। इसी दौरान उस पर गोली चला दी गई, जो सीधे उसके सिर में लगी। जिस कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुरानी रंजिश के तहत किया हमला- डीएसपी
डीएसपी शाहबाज सिंह ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि शुरूआती जांच में सामने आया है कि वारदात पुरानी रंजिश का परिणाम है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।