ख़बरिस्तान नेटवर्क : हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में शुक्रवार दोपहर एक भीषण हादसा हो गया। उदयपुर-किलाड़ मार्ग पर कडू नाला के पास अचानक हुए लैंडस्लाइड की चपेट में एक टाटा सूमो टैक्सी आ गई। हादसे में वाहन सवार 15 लोगों में से 13 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे की पुष्टि भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज ने की है।
विशाल चट्टानों ने टैक्सी को किया चकनाचूर
जानकारी के अनुसार, टाटा सूमो में सवार सभी लोग पांगी घाटी के निवासी थे और कुल्लू से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वाहन कडू नाला के पास पहुंचा, पहाड़ी से अचानक बड़ी-बड़ी चट्टानें गिरने लगीं। भारी चट्टानों की चपेट में आने से टैक्सी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कई शवों की पहचान करना भी मुश्किल हो गया।
चट्टानों के गिरने के बाद वाहन के पिछले हिस्से में आग भी लग गई। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और बचाव दल ने आग बुझाने का प्रयास किया। घटना के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें हादसे की भयावहता साफ दिखाई दे रही है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
बताया जा रहा है कि उदयपुर-किलाड़ मार्ग एक दिन पहले बंद था, जिसके कारण सभी यात्री तिंदी में रुके हुए थे। सड़क खुलने के बाद वे पांगी की ओर रवाना हुए थे, लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया। लाहौल-स्पीति की डीएसपी रश्मि शर्मा ने बताया कि पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।
प्रशासन ने अफवाहों से बचने की अपील की
फिलहाल मृतकों की आधिकारिक पहचान की प्रक्रिया जारी है। जानकारी के अनुसार सभी मृतक पांगी घाटी के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।