पंजाब के संगरूर में वीरवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी। घटना के पीछे पैसों और खेत में खड़े पेड़ (टाहली) को लेकर विवाद बताया जा रहा है।
खेत को लेकर झगड़ा हुआ
मृतक की पहचान 50 साल के मनजिंदर सिंह के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका छोटा भाई 45 साल सुखविंदर सिंह है। दोनों के बीच पिछले चार दिनों से करीब एक लाख रुपये और खेत को लेकर झगड़ा चल रहा था।
मृतक की पत्नी परमजीत कौर के अनुसार, मनजिंदर सिंह सुबह गेहूं की कटाई के लिए कंबाइन लेने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए सुखविंदर सिंह ने ट्रैक्टर उन पर चढ़ा दिया और कई बार कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जब परमजीत कौर ने उन्हें बचाने की कोशिश की तो आरोपी ने उन पर भी ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया।
जांच में जुटी पुलिस
मनजिंदर सिंह अपने पीछे पत्नी और 26 साल के बेटे को छोड़ गए हैं, जो विदेश में रहता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।