कनाडा में रहने वाली पंजाबी रेडियो ब्रॉडकास्टर सुखविंदर कौर संघा को अमेरिका से ड्रग्स तस्करी के मामले में ब्रिटिश कोलंबिया की सुप्रीम कोर्ट ने 15 अप्रैल को साढ़े पांच साल की जेल की सजा सुनाई है। 47 साल की संघा जालंधर के नकोदर से जुड़े परिवार से हैं, हालांकि उनका जन्म कनाडा के प्रिंस जॉर्ज में हुआ था।’
संघा पिछले एक दशक से पंजाबी रेडियो और टीवी इंडस्ट्री में सक्रिय थीं और अपने शो के जरिए समुदाय में एक जाना-पहचाना चेहरा बन चुकी थीं।यह मामला अक्टूबर 2021 का है, जब संघा अमेरिका से कनाडा में दाखिल हो रही थीं। सीमा पर जांच के दौरान रुकने के बजाय उन्होंने कार भगा ली, जिसके बाद पुलिस ने पीछा कर उन्हें गिरफ्तार किया। कार की तलाशी में 108 किलो मेथामफेटामाइन बरामद हुई, जिसकी कीमत करोड़ों में आंकी गई।
तस्करी गिरोह की सक्रिय सदस्य थीं संघा
अदालत में संघा ने खुद को बेगुनाह बताते हुए दबाव में काम करने की बात कही, लेकिन मोबाइल मैसेज के आधार पर कोर्ट ने इसे खारिज कर दिया। जांच में सामने आया कि वह तस्करी गिरोह की सक्रिय सदस्य थीं।कोर्ट ने कहा कि नशीले पदार्थों का व्यापार समाज के लिए गंभीर खतरा है और उम्मीद जताई कि संघा जेल में अपने किए पर आत्मचिंतन करेंगी। इस घटना से कनाडा के पंजाबी समुदाय में भी चिंता और चर्चा बढ़ गई है।