पंजाब के मुकेरियां में जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। मुकेरियां से करीब 13 किलोमीटर दूर मिलवां बस स्टॉप के पास एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
2 बच्चों की मौत
मिली जानकारी के अनुसार, अंकित शर्मा अपनी पत्नी आरती शर्मा और दो छोटे बच्चों बेटी अयान (10) और बेटे आंधरव (1) के साथ लुधियाना से पठानकोट अपने घर जा रहे थे। जैसे ही वे मानसर टोल प्लाजा पार कर मिलवां के पास पहुंचे, उनकी कार अचानक बेकाबू हो गई और पेड़ से जा टकराई।
हादसा इतना भीषण था कि दोनों बच्चों की मौके पर ही जान चली गई। वहीं अंकित शर्मा, उनकी पत्नी आरती शर्मा और ड्राइवर पवन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को मुकेरियां के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अंकित और आरती की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें आगे रेफर कर दिया। ड्राइवर का इलाज अस्पताल में जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।