पंजाब और चंडीगढ़ में गर्मी लगातार तेज होती जा रही है। मौसम विभाग ने 21 से 23 अप्रैल के बीच हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई इलाकों में दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म रहने की संभावना है। हालांकि 20 अप्रैल को किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
प्रदेश में मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है। बीते दिन तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ, लेकिन यह सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 41.3 डिग्री और चंडीगढ़ में 39.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
हीट स्ट्रोक यूनिट तैयार
स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए सभी सरकारी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक यूनिट सक्रिय कर दी हैं। साथ ही सीनियर डॉक्टरों को 24 घंटे ड्यूटी पर तैनात किया गया है। लोगों को सलाह दी गई है कि लू या तेज बुखार के लक्षण दिखने पर खुद दवा लेने की बजाय तुरंत नजदीकी अस्पताल में विशेषज्ञ से इलाज कराएं।
मौसम विभाग के अनुसार, 21 अप्रैल को संगरूर, पटियाला और मोहाली के कुछ इलाकों में लू चल सकती है, जबकि अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में गर्म रातें रहने की संभावना है। 22 और 23 अप्रैल को भी कई जिलों में हीट वेव का असर बना रहेगा।
23 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है, जिससे मौसम में हल्का बदलाव संभव है। फिलहाल पंजाब के 14 जिलों में तापमान 35 डिग्री से ऊपर पहुंच चुका है।डॉक्टरों ने बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और दिल के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। दोपहर 12 से 3 बजे के बीच धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की हिदायत दी गई है।