पंजाब में बढ़ती गर्मी और बिजली कट के बीच अमृतसर में बड़ा हंगामा देखने को मिला। अमृतसर के गांव वडाला भिट्टे वढ़ स्थित बिजली घर में 20-25 लोग गेट तोड़कर जबरन अंदर घुस गए।गुस्साए लोगों ने बिजली कट से परेशान होकर खुद ही सप्लाई चालू कर दी। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों के साथ बदसलूकी भी की।
कर्मचारियों के मुताबिक, उन्हें अधिकारियों के आदेश पर बिजली कट लगाने के निर्देश मिले थे, लेकिन मौके पर पहुंचे लोगों ने उनकी बात नहीं मानी और फीडर से छेड़छाड़ कर बिजली बहाल कर दी। आरोप है कि कुछ लोग नशे की हालत में थे और उन्होंने गेट को भी नुकसान पहुंचाया।
ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारी सुरिंदर सिंह ने बताया कि देर रात आए लोगों ने धक्का-मुक्की की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकियां भी दीं, जिससे कर्मचारियों में डर का माहौल बन गया है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कंबो पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी।वहीं, बिजली विभाग के कर्मचारियों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो और खासकर रात के समय उनकी सुरक्षा बढ़ाई जाए।