ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के सिंघा रोड स्थित एक कबाड़ के गोदाम में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि इसकी लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं, जबकि आसमान में घने धुएं का गुबार छा गया। घटना के दौरान गोदाम में खड़ी बाइक समेत अन्य सामान जलकर राख हो गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
दमकल की 5 गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को बुलाया गया। मौके पर पहुंची दमकल की 5 गाड़ियां आग पर काबू पाने में लगी हुई हैं। हालांकि आग की तीव्रता ज्यादा होने के कारण फायर ब्रिगेड कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। लोग अपनी जान बचाने के लिए मौके से दूर हटते नजर आए।
अचानक लगी आग, आसपास के घर भी प्रभावित
लोगों के मुताबिक सुबह अचानक गोदाम में आग लगी, जिसे बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन कुछ ही समय में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। गोदाम के पास रहने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि आग में उसका घर भी चपेट में आ गया और पूरी तरह जलकर राख हो गया। घटना के बाद परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है।
दमकल के देर से पहुंचने का आरोप
स्थानीय निवासी जावेद अख्तर ने आरोप लगाया कि आग लगने की सूचना देने के बावजूद दमकल विभाग करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचा। वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और हालात का जायजा लिया। एहतियात के तौर पर लोगों को घटना स्थल से दूर रखा जा रहा है और आग बुझाने का काम जारी है।