यदि आप आज नेशनल हाईवे पर सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है। लुधियाना स्थित लाडोवाल टोल प्लाजा आज दो घंटे के लिए टोल-फ्री रहेगा। कौमी इंसाफ मोर्चा ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के तहत 9 जून को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक टोल वसूली बंद रखने का ऐलान किया है।
मोर्चा के कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे लंबे समय से विभिन्न जेलों में बंद सिख कैदियों की रिहाई की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। उनका आरोप है कि केंद्र सरकार उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दे रही और कई कैदियों को पैरोल तक नहीं दी जा रही। इसी के विरोध में संगठन ने टोल प्लाजा पर प्रदर्शन करने का फैसला लिया है।
प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। लाडोवाल टोल प्लाजा पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस की ओर से पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जाएगी।
कौमी इंसाफ मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। संगठन ने 4 जुलाई को पूरे पंजाब में ‘रेल रोको’ आंदोलन और 15 अगस्त को राज्यपाल निवास के घेराव का ऐलान भी किया है।