ख़बरिस्तान नेटवर्क : जयपुर के खोह नागोरियान इलाके में सुबह करीब 11 बजे पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इस घटना में बच्चे समेत 3 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं 6 मजदूर बुरी तरह से झुलस गए। जिन्हें ईलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
3-4 लोगों को फैक्ट्री से निकाला
स्थानीय निवासी जिया उल हक ने बताया कि फैक्ट्री से डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर मेरा घर है। घर से आग की लपटें उठती दिख रही थी। पटाखे फटने की आवाज आ रही थी।
आस-पड़ोस के लोग पहुंचे तो पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। पानी का टैंकर भी बुलाया। तीन-चार लोगों को बाहर निकाला। एक बच्चा तड़प रहा था। एक व्यक्ति ने झुलसते हुए मौके पर ही दम तोड़ दिया।
विधायक ने प्रशासन को ठहराया जिम्मेदार
इलाके के विधायक अमीन कागजी ने इस अग्निकांड के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। आबादी इलाके में इस तरीके से पटाखा फैक्ट्री चलाई जा रही थी, लेकिन जिम्मेदारों ने कार्रवाई नहीं की जिसका नतीजा रहा कि लोगों की जिंदगी चली गई। पुलिस ने फैक्ट्री को सील कर दिया है। आबादी इलाके में फैक्ट्री संचालित होने से कई सवाल भी खड़े हो गए हैं।