मोहाली के फेज-11 स्थित एक निजी कंपनी में अपनी एक्स गर्लफ्रेंड की बेरहमी से हत्या करने वाले आरोपी हरजिंदर सिंह मान उर्फ हैरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के पांच दिन बाद होश में आने पर आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां पुलिस ने आरोपी को गहन पूछताछ के लिए 15 दिनों की पुलिस रिमांड पर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 4 जून की शाम करीब 7:30 बजे एसआरपी यूएस लॉजिस्टिक्स कंपनी के कार्यालय में यह सनसनीखेज वारदात हुई थी। मृतका डिंपल (30) कंपनी की डिस्पैच टीम में कार्यरत थी, जबकि आरोपी हरजिंदर सिंह (34) भी उसी कंपनी में नौकरी करता था। दोनों के वर्क स्टेशन एक-दूसरे के नजदीक थे।
पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन हरजिंदर डिंपल के केबिन में पहुंचा, जहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने डिंपल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि उसने युवती पर करीब 30 बार वार किए। हमले के दौरान डिंपल ने जान बचाने की कोशिश की, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
वारदात के बाद कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। आरोप है कि युवती पर हमला करने के बाद आरोपी ने खुद की गर्दन पर भी चाकू से वार कर आत्महत्या का प्रयास किया।
पुलिस दोनों घायलों को इलाज के लिए फोर्टिस अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने डिंपल को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल हरजिंदर का इलाज चल रहा था। 9 जून को उसे होश आने के बाद पुलिस ने औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। इस दौरान वह बिना किसी सहारे के खुद चलकर अदालत पहुंचा और उसके चेहरे पर मास्क लगा हुआ था। सुनवाई के बाद अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।