ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर लक्की ओबरॉय मर्डर केस में पुलिस के हाथ बड़ी सफलता हाथ लगी है और आरोपी शूटर की फोटो मिली है। पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या को अंजाम देने वाला शूटर सोनू खत्री गैंग का मैंबर गुरताज सिंह है। गुरताज ने 2 महीने के अंदर 2 हत्याओं को अंजाम दिया है और पुलिस उसकी तलाश में है।
टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरों में दिखा आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया है कि बहराम टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरों में आरोपी दिखाई दिया है। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी गुरताज क्रेटा कार चलाता हुआ नजर आया है। जांच में सामने आया लक्की ओबरॉय के नौकर शिंगरी ने ही उसे डीसी कॉलोनी से शहर के बाहर तक का रास्ता दिखाया। शहर से बाहर निकलते ही गुरताज ने कार की स्टेयरिंग संभाल ली और स्कूटी को रास्ते में कहीं छिपा दिया। हत्या में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की क्रेटा कार पुलिस ने बलाचौर इलाके से बरामद कर ली गई है।
दोनों हाथों से फायरिंग करने के लिए जाना जाता है आरोपी
आरोपी गुरताज होशियारपुर की एमएक्स कॉलोनी का रहने वाला है और अपराधियों के बीच अपनी खास ‘फायरिंग स्टाइल’ के लिए जाना जाता है। वह दोनों हाथों से एक साथ पिस्टल चलाकर सटीक निशाना लगाने में माहिर माना जाता है। आरोपी गुरताज पर पहले भी कई मामले दर्ज हैं। इससे पहले 16 दिसंबर 2025 को उसने होशियारपुर में अब्दुल मोहम्मद की 7 गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। वहां भी उसने दोनों हाथों से फायरिंग की थी।