ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब के फरीदकोट में मामूली विवाद के बाद पेट्रोल पंप कर्मचारी पर हमला करने के लिए 10 से 15 लोग हथियार लेकर पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने पंप कर्मचारी की बेरहमी से पिटाई की। घटना पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है और पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है।
पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट करने पहुंचे हमलावर
पीड़ित मनदीप सिंह ने बताया कि वह ओल्ड कैंट रोड स्थित बीपी एनर्जी सेंटर नामक पेट्रोल पंप पर सेल्समैन के तौर पर काम करता है। 6 जून को फरीदकोट के कुछ युवकों के साथ मामूली बात को लेकर उसकी कहासुनी हुई थी।
इसी रंजिश के चलते करीब 10-15 अज्ञात लोग तेजधार हथियारों से लैस होकर सोमवार को पेट्रोल पंप पर पहुंचे और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। जब उसने शोर मचाया तो हमलावर हथियारों सहित मौके से फरार हो गए।
जल्द आरोपियों को किया जाएग गिरफ्तार
जांच अधिकारी ASI सुखजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।