भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) ने श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर समर शेड्यूल के दौरान उड़ानों में बड़े बदलाव की घोषणा की है। जारी NOTAM के अनुसार, 1 अप्रैल 2026 से 27 सितंबर 2026 तक रनवे रोजाना दोपहर 1:45 बजे से रात 9:45 बजे तक बंद रहेगा।
इस दौरान कोई भी फ्लाइट ऑपरेट नहीं होगी। सभी एयरलाइंस ने अपने आगमन और प्रस्थान समय में बदलाव कर लिया है और अब उड़ानें निर्धारित समय के बाहर ही संचालित की जाएंगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे सफर से पहले अपनी फ्लाइट का अपडेट जरूर चेक करें।
समर शेड्यूल में 62 उड़ानें शामिल
अमृतसर एयरपोर्ट से कुल 62 फ्लाइट्स ऑपरेट होंगी, जिनमें 40 घरेलू और 22 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शामिल हैं।
घरेलू कनेक्टिविटी दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, कोलकाता, अहमदाबाद, कुल्लू, श्रीनगर और पुणे से है, जबकि अंतरराष्ट्रीय उड़ानें दोहा, दुबई, सिंगापुर, बर्मिंघम, लंदन गैटविक, कुआलालंपुर, शारजाह और बैंकॉक के लिए उपलब्ध हैं।
रनवे पर होंगे बड़े सुधार कार्य
रनवे बंद रहने के पीछे मरम्मत और अपग्रेडेशन का काम है। इसमें शामिल हैं:
रनवे की नई री-कार्पेटिंग (दो परतों में नई सतह)
ओवररन एरिया की मरम्मत, ताकि आपात स्थिति में सुरक्षा बढ़े
RESA (Runway End Safety Area) को ICAO मानकों के अनुसार मजबूत करना
2000 से अधिक पुरानी लाइट्स को LED लाइट्स से बदलना
ILCMS सिस्टम लागू करना, जिससे लाइट्स की मॉनिटरिंग ATC से ही हो सकेगी
अमृतसर एयरपोर्ट का रनवे 3658 मीटर लंबा है और बड़े विमानों के लिए उपयुक्त है। कुल मिलाकर, यह अपग्रेडेशन काम एयरपोर्ट की सुरक्षा, क्षमता और संचालन को और बेहतर बनाएगा, लेकिन यात्रियों को अगले कुछ महीनों तक अपने सफर की प्लानिंग में अतिरिक्त सावधानी रखनी होगी।