राजधानी दिल्ली में रविवार को आई तेज आंधी और बारिश का असर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) एयरपोर्ट पर भी देखने को मिला। खराब मौसम के कारण एयर इंडिया के तीन विमान क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके बाद उन्हें तत्काल सेवा से हटा कर तकनीकी जांच के लिए भेज दिया गया।
एयर इंडिया के तीन नैरो-बॉडी विमानों से टकरा गए
जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम करीब 4:40 बजे तेज हवाओं और बारिश के दौरान एयरपोर्ट पर मौजूद ग्राउंड सपोर्ट इक्विपमेंट अपनी निर्धारित जगह से खिसक गया और एयर इंडिया के तीन नैरो-बॉडी विमानों से टकरा गया। इस टक्कर में विमानों को नुकसान पहुंचा।
दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) के अधिकारियों ने बताया कि खराब मौसम के कारण एयरपोर्ट संचालन भी प्रभावित हुआ। कई उड़ानों में देरी हुई, जबकि कुछ सेवाओं के संचालन में भी बाधा आई, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मौसम अचानक बिगड़ने से पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की ओर से किसी विशेष मौसम चेतावनी की जानकारी एयरपोर्ट ऑपरेटर या एयरलाइंस को नहीं दी गई थी। ऐसे में मौसम की गंभीरता का समय रहते अंदाजा नहीं लगाया जा सका।
फिलहाल एयर इंडिया ने इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। क्षतिग्रस्त विमानों की जांच जारी है और इनमें से दो विमानों को मरम्मत के बाद जल्द दोबारा सेवा में शामिल किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह देखा जाएगा कि सुरक्षा प्रबंधन और मौसम संबंधी तैयारियों में कहीं कोई कमी तो नहीं रही, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।